भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में सहभागिता कर ध्वजारोहण किया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस पावन अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लंबे संघर्ष और अनेक वीरों के बलिदान के बाद हमारे देश को स्वतंत्रता प्राप्त हुई है।
यह आजादी हमारे लिए गौरव के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण भी कराती है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े और विश्व पटल पर नई ऊंचाइयां हासिल करे, यही उनकी कामना है।
‘एक देश, एक विधान’ के विचार को साकार कर रहा है मध्यप्रदेश
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू कर हम ‘एक देश, एक विधान, एक प्रधान, एक निशान’ के विचार को धरातल पर साकार कर रहे हैं। यह कानून भेदभाव को समाप्त कर सामाजिक समरसता को मजबूत करेगा और महिलाओं को अत्याचार व अन्याय से मुक्ति दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।









