जबलपुर। जिले में आगामी 10 अगस्त, सोमवार को निकलने वाली ‘संस्कार कांवड़ यात्रा’ और ‘गुप्तेश्वर शाही सवारी’ को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। छात्रों को स्कूल आने-जाने में होने वाली यातायात संबंधी परेशानी और उनके हित को ध्यान में रखते हुए नगर पालिक निगम क्षेत्र के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश नगर पालिक निगम क्षेत्र में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई (CBSE) और आईसीएससी (ICSE) विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए रहेगा।
इस तरह होंगे रूट और वैकल्पिक मार्ग
यह यात्रा 10 अगस्त को प्रातः 7 बजे ग्वारीघाट के सिद्धघाट से आरंभ होकर रामपुर चौक, गोरखपुर, शास्त्री ब्रिज, तीनपंथी, लार्डगंज, बड़ा फुआरा, सराफा, बेलबाग, गोकलपुर, रद्दी चौकी और खमरिया स्टेट होते हुए पनागर तहसील के ग्राम मटामर स्थित कैलाशधाम तक जाएगी।
भारी भीड़ और रूट पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। साथ ही, इस अवकाश के कारण बाधित होने वाले शैक्षणिक पाठ्यक्रम की पूर्ति अन्य कार्य दिवसों में अतिरिक्त कालखंड लगाकर की जाएगी।










