जबलपुर. तिलवारा-चरगवां मार्ग पर सफर करने वाले लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है. लंबे समय से हादसों का कारण बनी यह सड़क अब नए स्वरूप में नजर आएगी. लोक निर्माण विभाग ने इस मार्ग को चौड़ा करने की तैयारी शुरू कर दी है. करीब 18 फीट चौड़ी सड़क को अब 60 फीट चौड़ा फोरलेन बनाया जाएगा. इस प्रोजेक्ट का मकसद हादसों पर लगाम लगाने के साथ यातायात को सुरक्षित और आसान बनाना है.
दरअसल तिलवारा-चरगवां मार्ग पिछले कई वर्षों से दुर्घटनाओं के लिए जाना जाता रहा है. सड़क की कम चौड़ाई और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण यहां अक्सर वाहन टकराने की घटनाएं सामने आती रही हैं. खासकर कृषि उपज लेकर आने-जाने वाले बड़े वाहनों के कारण हादसों का खतरा ज्यादा रहता है. PWD ने इस मार्ग पर करीब 18 ऐसे स्थान चिन्हित किए हैं, जिन्हें ब्लैक स्पॉट माना गया है. अब इन सभी जगहों को सुधार कर हादसों की संभावना को खत्म करने की योजना बनाई गई है.
65 करोड़ रुपये की लागत से बदलेगी सड़क की तस्वीर…
इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 65 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. विभाग के मुताबिक मानसून खत्म होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी है. फिलहाल सड़क चौड़ीकरण के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. राजस्व विभाग की ओर से जमीन की मार्किंग और अन्य तकनीकी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. इसके बाद ठेका कंपनी का चयन कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा.
झोतेश्वर, गोटेगांव और नरसिंहपुर जाने वालों को मिलेगी राहत
तिलवारा-चरगवां मार्ग के चौड़ा होने से जबलपुर से झोतेश्वर, गोटेगांव और नरसिंहपुर जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी. सफर आसान होने के साथ समय की भी बचत होगी. इसके अलावा न्यू भेड़ाघाट जाने वाले पर्यटकों के लिए भी यह सड़क महत्वपूर्ण साबित होगी. बेहतर कनेक्टिविटी से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. इतना ही नहीं चरगवां और गोटेगांव क्षेत्र से बड़ी मात्रा में कृषि उपज जबलपुर की मंडियों तक पहुंचती है. सड़क चौड़ी होने के बाद किसानों और व्यापारियों को परिवहन में आसानी होगी. भारी वाहनों की आवाजाही भी पहले से ज्यादा सुरक्षित हो सकेगी.
पहले चरण में 6 किलोमीटर सड़क बनेगी फोरलेन
प्रोजेक्ट के पहले चरण में रिंग रोड से चरगवां-गोटेगांव मार्ग तक करीब 6 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन में बदला जाएगा. माना जा रहा है कि इस हिस्से के चौड़ा होने से उन जगहों पर हादसों में बड़ी कमी आएगी, जहां फिलहाल कुछ ही दूरी पर कई ब्लैक स्पॉट मौजूद हैं. तिलवारा-चरगवां मार्ग का यह प्रोजेक्ट जबलपुर की कनेक्टिविटी और सड़क सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है. आने वाले समय में यह सड़क न सिर्फ सफर को तेज बनाएगी, बल्कि समय की भी बचत होगी.







