MP में निवेश का महाकुंभ: CM बोले- ‘हृदय प्रदेश’ में उद्योग लगाना सबसे आसान, सबसे सस्ती बिजली और सुविधाओं का मिल रहा लाभ

नई दिल्ली/भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित “भारत टेक्स-2026” के मंच से वैश्विक निवेशकों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया है। मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन और राउंड टेबल मीटिंग कर मध्यप्रदेश की निवेश-अनुकूल नीतियों और टेक्सटाइल सेक्टर की असीम संभावनाओं का खाका खींचा।

एमपी में विकास की बयार, कुंभ जैसा है माहौल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आयोजन की तुलना कुंभ के धार्मिक वातावरण से करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की बयार बह रही है। उन्होंने कहा, “पिछले वर्ष की तुलना में इस बार ‘भारत टेक्स’ की आभा और अधिक निखर गई है। मध्यप्रदेश सरकार केंद्र के सहयोग से राज्य में कपड़ा उत्पादन और रोजगार सृजन को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है।”

पीएम मित्र पार्क से बदलेगी मालवा-निमाड़ की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने धार जिले में स्थापित किए जा रहे देश के पहले ‘पीएम मित्र पार्क’ को मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 3 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा, बल्कि मालवा-निमाड़ अंचल के 6 लाख से अधिक कपास उत्पादक किसानों की तकदीर बदलेगी। यह पार्क खेत से लेकर कारखाने और वैश्विक बाजार तक की राह को सुगम बनाएगा।

मध्यप्रदेश में सबसे सस्ती बिजली 

उद्योगों के लिए सबसे महत्वपूर्ण कारक ‘सस्ती ऊर्जा’ पर जोर देते हुए सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश आज देश-दुनिया में सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध कराने वाला राज्य बन चुका है। हमारे पास सौर ऊर्जा और पंप स्टोरेज के रूप में बिजली की पर्याप्त उपलब्धता है, जिससे उद्योगों का संचालन बेहद किफायती हो गया है। उन्होंने कहा कि टेक्सटाइल का मध्यप्रदेश से नाता राजा विक्रमादित्य और महारानी अहिल्याबाई के काल से रहा है। महेश्वरी और चंदेरी साड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का मान बढ़ाया है।

साढ़े 5 हजार करोड़ की सब्सिडी जारी

निवेशकों का भरोसा जीतते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मध्यप्रदेश सरकार अपने वायदों को निभाने में अग्रणी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने पिछले डेढ़ साल में उद्योगपतियों को सब्सिडी के रूप में लगभग 5500 करोड़ रुपए डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर किए हैं। मई 2026 तक की सभी सरकारी देनदारियां पूरी कर ली गई हैं। अंत में उन्होंने निवेशकों को आश्वस्त किया कि ‘हृदय प्रदेश’ में आने वाला निवेशक यहाँ का होकर रह जाता है और प्रदेश सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।

news postmortem
Author: news postmortem

Leave a Comment

और पढ़ें