भोपाल। देशभर में इन दिनों नीट (NEET) परीक्षा लीक मामले को लेकर छात्र और युवा सड़कों पर उतरकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. लेकिन मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में इस विरोध का एक बिल्कुल ही अलग और दिलचस्प रंग देखने को मिला है. यहां युवाओं ने देश में चल रहे प्रदर्शनों के बीच एक नई ही पार्टी खड़ी कर दी है, जिसका नाम रखा गया है— ‘लाल हिट जनता पार्टी’.
जबलपुर की सड़कों पर नजर आया यह विरोध प्रदर्शन किसी आम राजनीतिक दल या पारंपरिक आंदोलन जैसा बिल्कुल नहीं था. प्रदर्शन में शामिल लोग अपने हाथों में कीड़े-मकौड़े भगाने वाला लाल रंग का ‘हिट’ स्प्रे (Laal Hit Spray) और अनोखे पोस्टर थामे हुए नजर आए. इन पोस्टरों पर बड़े-बड़े अक्षरों में ‘लाल हिट जनता पार्टी’ लिखा हुआ था, साथ ही उस पर कॉकरोच की तस्वीर भी छपी थी. सड़क पर उतरे इन प्रदर्शनकारियों का यह अंदाज देखकर वहां से गुजरने वाले हर शख्स की निगाहें इन्हीं पर टिक गईं.

NEET के बहाने विपक्ष पर सीधा हमला, युवाओं का फूटा गुस्सा
जब इन अनोखे प्रदर्शनकारियों से बातचीत की गई, तो उनका गुस्सा देश के विपक्षी दलों और कुछ छात्र संगठनों पर फूटा. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के युवाओं और गरीबों के कल्याण के लिए लगातार 24 घंटे काम कर रहे हैं, लेकिन कुछ राजनीतिक दल अपनी रोटियां सेकने के लिए छात्रों को लगातार बरगला रहे हैं.
युवाओं ने तंज कसते हुए कहा कि विरोध प्रदर्शन करने वाले ज्यादातर लोग तो ‘NEET’ का पूरा फुल फॉर्म तक नहीं जानते होंगे, और यह सब सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी को घेरने के लिए विपक्ष की एक सोची-समझी चाल है. उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और राहुल गांधी का नाम लेते हुए कहा कि यह लोग विदेशी फंडिंग के जरिए देश के छात्रों को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं.

“हम देश को नेपाल या बांग्लादेश नहीं बनने देंगे”
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस वक्त और गरमा गया जब बात देश की सुरक्षा और राष्ट्र विरोधियों पर आई. प्रदर्शनकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि परीक्षा के नाम पर राजनीति और आंदोलन करना एक हद तक ठीक है, लेकिन जब बात देश की सुरक्षा और अखंडता पर आएगी तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने दो टूक कहा, “हम अपने देश को नेपाल और बांग्लादेश नहीं बनने देंगे.”
उनका आरोप था कि छात्र आंदोलन की आड़ में कुछ राष्ट्रविरोधी तत्व, जेएनयू के छात्र और हिंदू विरोधी मानसिकता के लोग देश का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्हें जबलपुर के युवा कभी कामयाब नहीं होने देंगे.
प्रोटेस्ट के नाम पर सियासत और बर्बरता का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने मीडिया के सामने तीखे सवाल खड़े किए. उनका कहना था कि यदि कोई अपनी आत्मरक्षा या शिक्षा के लिए सड़क पर उतरता है, तो उसे विदेशी फंडिंग बता दिया जाता है, जबकि दूसरी तरफ कुछ खास आयोजनों में पत्रकारों, महिलाओं और पुलिसकर्मियों तक पर बर्बरता की जाती है और उनकी वर्दियां तक फाड़ दी जाती हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन हमेशा शांतिपूर्ण होना चाहिए, लेकिन कुछ लोग जानबूझकर मुद्दों को तूल देकर समाज में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं.

“मुद्दा खत्म, फिर क्यों हो रहा है बवाल?”
‘लाल हिट जनता पार्टी’ के बैनर तले उतरे इन लोगों का कहना था कि जिस मुख्य मुद्दे पर प्रोटेस्ट शुरू हुआ था. वह अब समाप्त हो चुका है. इसके बावजूद कुछ लोग जबरन इस मुद्दे को खींच रहे हैं और गैर-हिंदू विरोधी नारे लगाकर किसी खास धर्म को टारगेट कर रहे हैं.
कोकरोच पर छिड़का जाएगा ‘लाल हिट’
अंत में इन युवाओं ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि जिस तरह कॉकरोच को भगाने के लिए ‘हिट’ का इस्तेमाल किया जाता है, ठीक उसी तरह देश विरोधी और नकारात्मक सोच रखने वाले तत्वों का सफाया करने के लिए भी ऐसे ही उपायों की जरूरत है. जबलपुर की सड़कों पर निकला यह ‘लाल हिट’ प्रोटेस्ट फिलहाल शहर भर में चर्चा का विषय बना हुआ है.








